जम्मू। कानाचक पुलिस ने पुरखु क्षेत्र में एक युवक की हत्या के प्रयास के मामले को 24 घंटे में सुलझाने का दावा किया है। मामले में दंपती को गिरफ्तार करने के साथ तेजधार हथियार भी बरामद किया है। आरोप है कि बुधवार देर रात युवक पर तेजधार हथियार से हमला कर हत्या की कोशिश की गई थी। पुलिस थाने में प्यारे लाल मेहता निवासी स्वर्ण विहार पुरखू ने शिकायत दी कि बुधवार रात करीब 11 बजे उसके भांजे विजय भट्ट पुत्र मोहन लाल भट्ट पर पड़ोसी विक्की भट्ट, स्वीटी भट्ट पत्नी विक्की भट्ट, जीया लाल भट्ट और कमलेश भट्ट पत्नी जीया लाल भट्ट ने तेजधार हथियार से सिर पर हमला कर दिया। घायल विजय को जीएमसी जम्मू से लुधियाना रेफर किया गया है। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर विक्की भट्ट और स्वीटी को गिरफ्तार किया है। हमले में इस्तेमाल किया गया तेजधार हथियार भी बरामद किया है। एसडीपीओ दोमाना कौशीन कौल ने बताया कि घर के बाहर कूड़ा फेंकने के मामले को लेकर दोनों परिवारों में विवाद पनपा है। मुख्य आरोपी ने अपना ज्रुम कबूल कर लिया है। मामले में शामिल आरोपी के अन्य परिवार वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी।