श्रीनगर। उत्तरी कश्मीर के हंदवाड़ा में तीन आतंकियों को सुरक्षा बलों ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से हथियार बरामद किए गए हैं। इन्हें सुरक्षा बलों पर हमले तथा स्थानीय लोगों को निशाना बनाने का टास्क सौंपा गया था।
पुलिस, 21 राष्ट्रीय राइफ ल्स और सीआरपीएफ की 92 बटालियन के जवान वीरवार को हंदवाड़ा में फ्रूट मंडी क्रॉसिंग पर नाका लगाकर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान तीन संदिग्ध सुरक्षा बलों को देखकर भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन जवानों ने उन्हें दौड़ाकर पकड़ लिया। तलाशी पर उनके पास से एक पिस्तौल, एक मैगजीन, सात गोलियां, दो हैंड ग्रेनेड व अन्य हथियार बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि इन्हें हंदवाड़ा में आतंकी हमलों को अंजाम देने, लोगों को नुकसान पहुंचाने और क्षेत्र में शांति भंग करने का काम सौंपा गया था। सुरक्षा बलों की समय पर त्वरित कार्रवाई ने आतंकियों के मंसूबे को नाकाम कर दिया। पकड़े गए आतंकियों की पहचान मंजूर अहमद निवासी सगीपोरा और शौकत अहमद भट निवासी खानू बाबागुंड के रूप में हुई है। तीसरे के नाबालिग होने का शक है। इस वजह से उसकी उम्र की जांच कराई जा रही है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।