जम्मू। नगर निगम में जन्म प्रमाण पत्र को लेकर अकसर रिश्वत की शिकायतें आती हैं। इसको लेकर कई बार हंगामा भी होता है। ऐसी ही एक शिकायत सोमवार को मेयर राजिंदर शर्मा के पास पहुंची। इसका संज्ञान लेते हुए मेयर खुद शिकायतकर्ता के साथ जन्म प्रमाण पत्र काउंटर पर पहुंच गए। यहां उन्होंने शिकायतकर्ता और काउंटर पर मौजूद कर्मी को आमने-सामने कर मामले की जानकारी ली।
शिकायतकर्ता ने कहा कि उक्त कर्मी ने उससे जन्म प्रमाण पत्र बनाने के लिए 300 रुपये लिए हैं। इस बाबत जब उक्त कर्मी से पूछा गया, तो उसने माना कि पैसे लिए थे। उसने कहा कि वह पैसे वापस कर देगा। मेयर ने कहा कि उक्त कर्मी आउटसोर्स कंपनी का है। उसे निकाल दिया गया है।
मेयर ने काउंटर पर मौजूद अन्य कर्मियों से कहा कि उनके पास पहले भी शिकायतें आई हैं। आप लोग दलालों से पैसे लेकर जन्म प्रमाण पत्र बनाते हैं। एक दलाल को पकड़ा है, जिसे निकाल दिया गया है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई ऐसा करते पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी।
निकाल दिया गया है पैसे लेने वाले कर्मी को
पैसे लेने वाला एनजीओ का कर्मी था। उसे निकाल दिया गया है। हमने चेतावनी दी है कि कोई भी पैसे लेकर काम करता पकड़ा गया, तो उसके ऊपर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- राजिंदर शर्मा, मेयर