दोमाना। घरोटा पुलिस थाना के अंतर्गत भलवाल के करवांडा क्षेत्र में मंगलवार को घास के लिए हुए झगड़े में दो परिवारों में जमकर लाठियां और पत्थर चले हैं। इस घटना में तीन लोग जख्मी हुए हैं, जिन्हें पुलिस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया है। वहां से उन्हें जीएमसी रेफर किया गया है। घायलों की पहचान सुदाम हुसैन (23) पुत्र जफर दीन, जाकर हुसैन (18) पुत्र सफिया अली और फरीद अली (26) पुत्र सफिया अली निवासी करवांडा, भलवाल के रूप में हुई है।
घरोटा पुलिस थाना प्रभारी राजेश शर्मा ने बताया कि मंगलवार दोपहर दो बजे फोन आया की करवांडा में घास को लेकर दो परिवारों में झगड़ा हो गया है। जाकर और फरीद दोनो भाई अपनी भैंसों को घास चरा रहे थे तभी सुदाम और उसके परिवार वाले पहुंच गए। सुदाम का कहना था कि यह घास उन्होंने खरीदा है। इस बात को लेकर दोनों परिवारों में कहासुनी हो गई। बात इतनी बड़ गई कि दोनों ओर से लाठियां और पत्थर भी चले। इसमें तीन लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने घायलों को भलवाल अस्पताल में भती करवाया है। वहां पर हालते गंभीर होने पर उन्हें जीएमसी में रेफर कर दिया है। पुलिस में क्रॉस केस दर्ज करवाए गए हैं। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।