जम्मू। गांधी नगर पुलिस ने वीरवार को पुख्ता सूचना पर कार्रवाई करते हुए तीन सौ ग्राम हेराइन और तीन लाख रुपये की नकदी के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक पुलिस कर्मी शामिल है और तीनों आरोपी पुंछ जिले के रहने वाले हैं। पुलिस ने नानक नगर के गौड़ा चौक में सफलता पाई है। इस दौरान दो कारों को भी जब्त किया गया है।
जानकारी के अनुसार पुलिस ने वीरवार शाम को पुख्ता सूचना के बाद गौड़ा चौक पर नाका लगाया था। इस दौरान दो कारें एक साथ चौक के नजदीक पहुंची और पुलिस नाके को देखकर वापस मुड़ गईं। यह देख कर पुलिसकर्मियों ने पीछा किया और कुछ दूर जाकर ही कारों को रोक लिया। तलाशी लेने पर 300 ग्राम हेरोइन और तीन लाख रुपये की नकदी बरामद हुई है। कार (जेके02सीएच 3911 और जेके12ए 1158) को जब्त कर लिया गया है। इनमें सवार मुख्तयार इकबाल अहमद निवासी फगला, सुरनकोट (पुंछ) से 25 ग्राम हेरोइन और 38 हजार नकदी, मेंढर निवासी जफर इकबाल से 260 ग्राम हेरोइन और 2.60 हजार रुपये और तारिक मोहम्मद निवासी पुंछ से 15 ग्राम हेरोइन और आठ हजार रुपये बरामद किए गए। तारिक मोहम्मत मौजूदा समय में छन्नी में रहता है। तीनों के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है। मुख्तयार अहमद पुलिस में फालोअर है, जो पुंछ में ही तैनात है।
सीमा पार से पुंछ में पहुंचती है हेरोइन
पुंछ के मेंढर में पहले भी कई नशा तस्कर हेरोइन के साथ पकड़े गए हैं, जिनके संपर्क आतंकियों के साथ भी मिले हैं। मेंढर में पाकिस्तान से कई बार हेरोइन की तस्करी हो चुकी है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों में से दो पुंछ और एक मेंढर का है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।