जम्मू। सिद्दड़ा पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक वाहन सवार व्यक्ति को हेरोइन और नकदी सहित गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार एसआई अयूब खान ने पुलिस टीम के साथ सिद्दड़ा के पास बजालता मोड़ पर वाहनों की जांच के लिए नाका लगाया था। इस दौरान वाहन सवार एक व्यक्ति को जांच के लिए रोका। तलाशी लेने पर आरोपी के पास 45 ग्राम हेरोइन और नौ लाख 42 हजार रुपये बरामद हुए। तस्कर की पहचान साहिल मलिक पुत्र मुनीर मलिक निवासी न्यू प्लॉट अंबफला, जम्मू के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ नगरोटा पुलिस थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। इसके साथ ही पुलिस ने वाहन को भी जब्त कर लिया है। नगरोटा पुलिस थाने के एसएचओ का कहना है कि आरोपी नशीला पदार्थ कहां से लाया था और इसे किसको सप्लाई किया जाना था, इसके बारे में पूछताछ की जा रही है। अधिकारी का कहना है कि नशा तस्करी और अन्य आपराधिक वारदातों में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। कहा कि जम्मू पुलिस ने नशा तस्करों पर कार्रवाई के लिए अभियान छेड़ा है। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि अगर आपराधिक वारदातों में किसी भी संदिग्ध के शामिल होने की आशंका हो तो 100 नंबर डायल कर पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।