सांबा। जिले के रेईयां गांव में चोरों ने एक सुने घर को निशाना बनाया। 12 तोले सोने के गहने और 20 हजार रुपये नगदी लेकर फरार हो गए। पुलिस चौकी अंब में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। कस्बे में बढ़ रही चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत है। कस्बे के नानके चक, नोनाथ (घगवाल), रंदवाल, गांव मदवाल, पलूरा और राजपुरा में पिछले तीन माह में चोरी की आठ घटनाएं हो चुकी हैं। इन चोरों को अभी तक पुलिस पकड़ नहीं पाई है। लोगों ने क्षेत्र में पुलिस की गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि चोरियों पर लगाम लगाई जा सके।
जानकारी के अनुसार कि रेइयां गांव के पम्मी चाढ़क पुत्र दलबीर सिंह सीआरपीएफ में तैनात हैं। परिवार के सदस्य शिवरात्रि के समय मंदिर गए हुए थे। इसी दौरान चोर मौका देखकर घर में घुसे और पूरे घर को खंगाल डाला। परिजनों के अनुसार चोर अलमारी तोड़कर गहने और नकदी ले गए। परिजनों का कहना है कि उनके घर में बिजली की सुविधा तक नही है, जिस कारण चोरों ने चोरी को अंजाम दिया। चोर घर से 12 तोले सोना और 20 हजार नगदी चुराकर ले गए। इस बारे में रख अंब पुलिस चौकी में मामला दायर करवाया गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जायजा लिया व जांच शुरू कर दी है।
इससे पहले फरवरी में चोर नानके चक क्षेत्र में एक घर के तोले तोड़ कर 10 तोले सोने के गहने और 7 हजार रुपये नकदी चुरा ले गए थे। दो माह पहले घगवाल के नोनाथ में एक घर में चोरी की घटना हुई थी। यहां से चोर 10 हजार रुपये चुराकर ले गए थे।जनवरी अंत में टपयाल में एक ट्रैक्टर चोरी हो गया था, जो आज तक नही मिला। दिसंबर माह में रंदवाल में एक घर में चोरों ने लाखों रुपये के सोने के गहने चुरा लिए। घटना के समय परिवार मंदिर गया हुआ था। वहीं दिसंबर में ही सीमावर्ती गांव मदवाल, पलूरा व राजपुरा में अलग-अलग दिनों में चार दुकानों से शटरिंग से संबंधित लोहे की प्लेटें चोरी कर ली गई थीं। दो दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी चोर कैद हुए थे जो दोनों जगह ट्रक लेकर आए थे और प्लेटें लादकर ले गए। ट्रकों पर नंबर अंकित नहीं था। केस दर्ज होने के बाद भी इन चोरों का आज तक कोई अता पता नहीं चल सका है। क्षेत्र में बढ़ रही चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है।