2017 का मामला, दिल्ली समेत पांच राज्यों के रहने वाले हैं आरोपी
बीओपीईई अधिकारी बन कर की गई थी 42 लाख रुपये की ठगी
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। बोर्ड ऑफ प्रोफेशनल एंट्रेंस एग्जामिनेशन (बीओपीईई) के अधिकारी बन लाखों रुपये की ठगी मामले में 15 आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया गया है। क्राइम ब्रांच के पास यह मामला दर्ज है। आरोपियों ने रामबन जिले के बनिहाल में पॉलिटेक्निक काॅलेज खोलने के नाम पर 42 लाख रुपये ठगे थे।
मामले की जांच के बाद सगीर निजाम, डाॅ. हीना, सुहैल उल रहमान, जावेद इकवाल निवासी किश्तवाड़ और नानक नगर जम्मू निवासी अमरदीप सिंह शामिल हैं। इन सभी पर क्राइम ब्रांच के पास मामला दर्ज हैं। इसी मामले में क्राइम ब्रांच ने तीन और एफआईआर लगाई थीं, जिनमें 10 आरोपी शामिल हैं। इनमें गांदरबल निवासी शौकत अहमद, जम्मू सिटी चौक निवासी गौतम कोहली, नई दिल्ली निवासी रविंदर सिंह, पलविंदर सिंह निवासी नानकसर तारण और सुखपाल सिंह निवासी मुक्तसर (पंजाब), उमेश्वर झा निवासी नोएडा, कंचन कुमार निवासी तिलक नगर दिल्ली, लेख राज निवासी मंडी हिमाचल प्रदेश, विनोद कुमार निवासी मुट्ठी जम्मू व राजेश पेशिन निवासी कर्नल काॅलोनी जम्मू शामिल हैं। इन सभी पर 2017 में एक व्यक्ति से 42 लाख रुपये की ठगी करने का आरोप है। क्राइम ब्रांच की जांच में इसकी पुष्टि हुई है।