सांबा। पुलिस ने बाड़ी ब्राह्मणा और सांबा में गोवंश तस्करी के दो बड़े प्रयासों को विफल कर दिया। दो गोवंश तस्करों को गिरफ्तार कर 36 मवेशियों को बचाया गया। जानकारी के अनुसार नाका बलोल ब्रिज बाड़ी ब्राह्मणा में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस पार्टी ने जम्मू की ओर से आ रहे एक ट्रक (यूपी12टी-6057) को जांच के लिए रोका। वाहन की जांच के दौरान 22 गोवंश लदे हुए पाए गए जो क्रूर तरीके से बंधे हुए थे और बिना किसी वैध अनुमति के ले जाए जा रहे थे। गोवंश तस्कर की पहचान मुस्तकीम निवासी महांक मऊ जिला सहारनपुर (यूपी) के रूप में हुई है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस स्टेशन बाड़ी ब्राह्मणा में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
इसी तरह पुलिस चौकी गोरान की एक टीम ने गोवंश तस्करी में एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। 14 मवेशियों को बचाया गया है। मवेशियों को ढाकी खड्ड क्षेत्र के माध्यम से पैदल तस्करी करके ले जाया जा रहा था। गिरफ्तार तस्कर की पहचान अल्ताफ हुसैन निवासी सुरारा जिला सांबा के रूप में हुई है। पुलिस स्टेशन सांबा में केस दर्ज कर लिया गया है।