डॉ. पुष्पेंद्र सिंह भाटी
- फोटो : Archive
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। राजस्थान हाईकोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस डॉ. पुष्पेंद्र सिंह भाटी को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने विभिन्न उच्च न्यायालयों में मुख्य न्यायाधीशों की नियुक्ति प्रक्रिया के तहत यह सिफारिश की है। केंद्र सरकार से औपचारिक मंजूरी और राष्ट्रपति के आदेश के बाद उनकी नियुक्ति की अधिसूचना जारी होगी। जस्टिस डॉ. पुष्पेंद्र सिंह भाटी का न्यायिक करियर बेहद शानदार रहा है। राजस्थान हाईकोर्ट के न्यायाधीश के रूप में उन्होंने कई महत्वपूर्ण और जनहित से जुड़े फैसले सुनाए हैं। कानून के क्षेत्र में उनकी गहरी समझ और समृद्ध अनुभव को देखते हुए कॉलेजियम ने उन्हें इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए योग्य पाया है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में उनकी नियुक्ति से क्षेत्र की न्याय प्रणाली को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। केंद्र सरकार की सहमति के बाद जस्टिस भाटी जल्द ही पद की शपथ लेंगे।