जम्मू। कठुआ के अतिरिक्त जिला जज कमलेश पंडित ने दीपक मनसोत्रा नाम के आरोपी की दुष्कर्म मामले में जमानत अर्जी को खारिज कर दिया। जज ने कहा कि दुष्कर्म, सामूहिक दुष्कर्म और डिजिटल दुष्कर्म आदि के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। पूरा देश इस मुद्दे पर गंभीरता से बहस कर रहा है और प्रस्ताव सामने आ रहे हैं कि ऐसे जघन्य अपराध में शामिल आरोपियों को कड़ी सजा दी जाए। हर मामले के अलग-अलग तथ्य हैं। हाल के कुछ मामले इतने भयावह हैं कि पूरे देश ने इन बर्बर कृत्यों की निंदा की और अधिक कठोर सजा देकर उक्त खतरे को रोकने के लिए आवाज उठाई है। यह एक जघन्य अपराध है, जिसमें कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। मौजूदा मामले की बात करें तो अभी जांच चल रही है। चालान भी पेश नहीं हुआ है। इसलिए इसमें अभी आरोपी को जमानत नहीं दी जा सकती।