लेह। लद्दाख में कोरोना से मृत्यु दर के आंकड़े बढ़ने लगे हैं। पहले देशभर में सबसे बेहतर स्थिति में चल रहे लद्दाख में मौताें का आंकड़ा छह पहुंच गया है। मंगलवार को लेह के एक पूर्व सैनिक ने सैन्य अस्पताल में दम तोड़ दिया। वहीं, बिहार के रहने वाले एक श्रमिक की महाबोधि अस्पताल में मौत हो गई। जुलाई माह में पांच मौतें हो चुकी हैं। तीन लोगाें की जान कारगिल और तीन लेह में हुई हैं। इस बीच बुधवार को कोरोना के 20 नए मामले आने से अब तक कुल आंकड़ा 1347 पहुंच गया है। हालांकि 1080 लोग पूरी तरह से स्वस्थ हो चुके हैं और प्रदेश में 261 मामले ही एक्टिव हैं।