जम्मू। कोरोना वायरस के बढ़ते मरीजों को देखते हुए गांधीनगर अस्पताल में 200 बेड की क्षमता वाले नए आइसोलेशन ब्लॉक को स्थापित किया जा रहा है। इसमें 90 आइसोलेशन बेड नियोनेटल और पेडियाट्रिक वार्ड के तौर पर तैयार किया जा रहा है। स्वास्थ्य व चिकित्सा शिक्षा विभाग के वित्तीय आयुक्त अटल डुल्लू ने शुक्रवार को गांधीनगर अस्पताल का दौरा कर पब्लिक वर्कर्स व अन्य संबंधित विभागों से आगामी दिनों में ब्लॉक को तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर में क्वारंटीन और आइसोलेशन सुविधा को बढ़ावा दिया जा रहा है, लेकिन यह भी सुनिश्चित किया जाए कि क्रिटिकल केयर सुविधाओं में स्पाइनल इंटेसिव केयर यूनिट, किमोथैरेपी आदि में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित की जाए।