बाड़ी ब्राह्मणा। वार्ड-8 बस्सी कलां क्षेत्र में सड़क के ऊपर एक पुलिया काफी लंबे समय से टूट गई थी, जिसके चलते लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। शाम के वक्त टूटी पुलिया के कारण हादसा होने की भी आशंका बनी रहती थी। कई लोग तो पुलिया के बीच में ही गिर गए, जिससे उन्हें चोटें भी आई टूटी पुलिया का निर्माण कराने के लिए वार्ड-8 के लोगों का एक प्रतिनिधिमंडल म्यूनिसिपल कमेटी बाड़ी ब्राह्मणा ईओ जोधराज के पास गया, तो उन्होंने पुलिया के निर्माण के लिए उनको आश्वासन दिया कि जल्द ही पुलिया का निर्माण कार्य करा दिया जाएगा। लोगों ने बताया कि एक माह बाद भी पुलिया का निर्माण शुरू नहीं हुआ। तो उन्होंने पार्षद विमला देवी से बात की। उन्होंने भी आश्वासन ही दिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि पुलिया टूटे होने के कारण उनकी समस्या बढ़ती जा रही थी। स्थानीय युवाओं ने इकट्ठे होकर चंदा किया और पुलिया का निर्माण शुरू कराया। उन्होंने बताया कि पुलिया बनाने में लगभग 15000 की राशि लगेगी। इसको स्थानीय लोगों ने इकट्ठा करके बनाने का बीड़ा उठाया है।
इस मौके पर स्वर्ण राज, मुकेश कुमार, सनी सिंह, सुरेश कुमार, वेद प्रकाश, जीत राज, राजेश कुमार, अजय कुमार और अन्य लोग मौजूद थे।