आरएस पुरा। लगभग एक वर्ष पहले आरएस पुरा में स्थित बीएसएफ के कैंपस के सामने खाली पड़ी भूमि पर कुछ लोगों ने एक धार्मिक स्थल का निर्माण कार्य शुरू कराया। आसपास के लोगों ने इसे अवैध बताते हुए विरोध किया और प्रशासन की ओर से उसे बंद करा दिया गया। उस समय तक दीवारें खड़ी हो गई थीं और टीन की चादर से छत डाली जा रही थी। एसडीएम आरएस पुरा ने दीवारें तुड़वाने के साथ टीन की चादर नहीं डालने दी थी। अब कोरोना वायरस के चलते प्रशासन सहित पुलिस व्यस्त होने पर उक्त लोगों ने भवन के ऊपर तिरपाल डालकर लेंटर डाले जाने का कार्य शुरू कर दिया। आसपास के लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। एसडीपीओ व थाना प्रभारी ने मौके पर पहुंच निर्माण कार्य बंद कराने के साथ चार लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया।