जम्मू। कांग्रेस पार्टी ने स्वतंत्रता दिलाने में अहम योगदान दिया है। इसके साथ ही 60 वर्षों तक संवैधानिक शासन प्रदान किया है। जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी सहित अन्य नेताओं ने देश की प्रगति के लिए दिनरात मेहनत की है। यह बातें भौर कैंप से सतवारी चौक तक कांग्रेस की राष्ट्रव्यापी आजादी की गौरव पदयात्रा के दौरान कार्यकारी अध्यक्ष रमण भल्ला ने कही।
उन्होंने कहा कि लोग वर्तमान सरकार से ऊब चुके हैं। 15 अगस्त को जब भारत स्वतंत्रता के 75 वर्ष को पूरा करेगा, तो यह सब के लिए गौरव की बात होगी। भारत के गौरव और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने अपने देश को अंग्रेजों की बेड़ियों से मुक्त करने के लिए अथक प्रयास किए। भल्ला ने कहा पूरे देश में पदयात्रा का आयोजन हो रहा है। 9 से 15 अगस्त तक पार्टी हर जिले में 75 किमी लंबी यात्रा करेगी। इस मौके पर कांग्रेस सेवादल के अध्यक्ष विजय शर्मा बब्बी, अल्पसंख्यक विभाग के उपाध्यक्ष एसडी गुरदर्शन सिंह, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के अध्यक्ष करण भगत, पीसीसी सचिव सतीश शर्मा, पवन रैना, जेकेपीसीसी के प्रवक्ता साहिल शर्मा और कपिल सिंह उपस्थित रहे।