जम्मू। जम्मू कश्मीर के वर्तमान हालात के लिए भाजपा का कुशासन जिम्मेदार है। यह आरोप प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष रमण भल्ला ने गांधीनगर और आरएस पुरा में रविवार को जनता दरबार में लगाया है।
उन्होंने कहा सियासी लाभ के लिए भाजपा का नेतृत्व देश को गुमराह कर रहा है। सरकार की कमजोरी की वजह से आतंकवादी निर्दोष लोगों की हत्याएं कर रहे हैं। जम्मू-कश्मीर केंद्र सरकार के सीधे नियंत्रण में है। ऐसे में यहां पर वर्तमान हालात के लिए मोदी सरकार पूरी तरह से जिम्मेदार है। उन्होंने कहा भाजपा की एतिहासिक गलतियों के बाद जम्मू-कश्मीर में न तो निवेश और न ही रोजगार बढ़ा है। केवल आतंकवाद बढ़ा है और निर्दोष लोगों की हत्याएं हो रही हैं। भाजपा के पास जन कल्याण के लिए कोई कार्यक्रम और नीति नहीं है। यह पार्टी केवल सांप्रदायिक आधार पर लोगों को विभाजन कर सियासी लाभ लेने की साजिश रचती रहती है।