संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। जम्मू विश्वविद्यालय क्रिकेट मैदान पर पहली बार राष्ट्रीय स्तर का घरेलू मुकाबला खेला जाएगा। रविवार को मेजबान जम्मू-कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन (जेकेसीए) और मेहमान हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के बीच कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी का मैच होगा। इस पर घने कोहरे की मार पड़ने की संभावना है, क्योंकि जम्मू में पिछले कुछ दिन से घना कोहरा पड़ रहा है। इस कारण रणजी के मुकाबले भी प्रभावित हो रहे हैं। इसे देखते हुए चार दिवसीय कर्नल सीके नायडू के पहले मुकाबले पर कोहरे का साया बने रहने की आशंका है।
जम्मू-कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन ने प्रतियोगिता के लिए 15 सदस्यीय टीम का चयन कर लिया है। शिवांश शर्मा के नेतृत्व में टीम मैदान में उतरेगी। टीम में आर्य ठाकुर, काजी जुनैद, कवलप्रीत सिंह, कन्हैया वधवान, यावर हसन, शिवांश शर्मा (कप्तान व विकेटकीपर), अर्णव गुप्ता, अर्चित महाजन, वंशज शर्मा, विशाल कुमार, शेख जानिब जावेद, रिधम शर्मा, मुजतबा यूसुफ, बासित बशीर और मनित जसरोटिया शामिल हैं। इसके अलावा यासिर गुलजार रिजर्व खिलाड़ी होंगे।
फेंसिंग और वॉलीबॉल के सिलेक्शन ट्रायल 8 को
जम्मू। जम्मू-कश्मीर खेल परिषद फेंसिंग टीम गेम और वॉलीबाल टीम के चयन के लिए 8 जनवरी को सुबह 11 बजे एमए स्टेडियम में सिलेक्शन ट्रायल आयोजित करने जा रहा है। चयनित टीम तमिलनाडु में होने वाले छठे खेलो इंडिया यूथ गेम्स में भाग लेंगे। ट्रायल में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ी किसी भी प्रश्न के लिए सीनियर फेंसिंग कोच रचना जम्वाल (9419123279), फेंसिंग कोच शोटू लाल (7889420175) और वॉलीबॉल कोच मुल्क राज (9419274764) से संपर्क कर सकते हैं। संवाद