संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। जम्मू-कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन (जेकेसीए) ने अंडर-23 कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी के लिए टीम की घोषणा कर दी है। हैरानी की बात यह है कि शिवांश शर्मा को पहले सीनियर शॉर्टलिस्ट में नामित किया था, लेकिन उन्हें अंडर-23 की कप्तानी सौंपी गई। इसके अलावा 15 सदस्यीय टीम में तीन विकेटकीपर हैं, लेकिन केवल तीन तेज गेंदबाज हैं जो टीम के समग्र संतुलन को संदिग्ध बनाता है। अंडर-23 टीम को एक दिवसीय टूर्नामेंट में कड़ी मेहनत करनी पड़ी थी। यह देखना दिलचस्प होगा कि वे आगामी बहुदिवसीय सीके नायडू ट्रॉफी में कैसा प्रदर्शन करते हैं। टीम सात जनवरी को जम्मू यूनिवर्सिटी ग्राउंड में हिमाचल प्रदेश के खिलाफ अभियान का आगाज करेगी। इसी मैदान पर 14 जनवरी को पुडुचेरी के खिलाफ उतरेगी। 21 को बेंगलुरु के अल्लुर क्रिकेट स्टेडियम में कर्नाटक, 28 को जम्मू यूनिवर्सिटी ग्राउंड में हैदराबाद, चार फरवरी को इसी मैदान पर बड़ौदा, 11 को सरदार पटेल स्टेडियम वलसाड में गुजरात और एकाना क्रिकेट स्टेडियम लखनऊ में उत्तर प्रदेश के खिलाफ अंतिम लीग मुकाबला खेलेगी।
टीम में आर्य ठाकुर, काजी जुनैद, कवलप्रीत सिंह, कन्हैया वधवान, यावर हसन, शिवांश शर्मा (कप्तान व विकेटकीपर), अर्णव गुप्ता, अर्चित महाजन, वंशज शर्मा, विशाल कुमार, शेख जानिब जावेद, रिधम शर्मा, मुजतबा यूसुफ, बासित बशीर और मनित जसरोटिया शामिल हैं। इनके अलावा यासिर गुलजार रिजर्व खिलाड़ी होंगे।