सुबह से शाम तक लगते रहे बिजली के कट
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। मौसम की करवट से एक बार फिर ठंड लौट आई है। सोमवार को बारिश के साथ तेज हवा भी चली। इस दौरान बिजली भी गुल होती रही। वहीं रुक-रुक कर हो रही बूंदाबांदी से बस स्टैंड, भगवती, वेयरहाउस की सड़कों पर लोगों को आवागमन में परेशानी आई है। खासकर जहां गड्ढे हैं, उन जगहों पर लोगों को संभल कर चलना पड़ा।
सोमवार को सुबह से जारी बारिश साढ़े दस बजे थमी। वहीं 12 बजे फिर से शुरू हो गई और एक बजे तक जारी रही। इस बीच दोपहर दो बजे मौसम साफ हुआ। इसके बाद फिर शाम चार बजे के बाद बूंदाबांदी शुरू हो गई। सुबह से शाम तक बिजली के कट भी लगते रहे। दिन में बिजली का लोड 1390 मेगावाट के आसपास रहा। मौजूदा समय में 1200 मेगावाट बिजली की ही आपूर्ति हो रही है। सोमवार को डेढ़ से दो घंटे के कट सहन करने पड़े। विभाग का कहना है कि आगे भी बारिश जारी रहती है, तो ज्यादा बिजली कट सहन करने पड़ सकते हैं।