फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jammu News: जम्मू-कश्मीर में 2 जून तक बारिश, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार

विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन


जम्मू/श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में मंगलवार भी बारिश का सिलसिला जारी रहा। कश्मीर के अधिकतर इलाकों में पिछले चौबीस घंटे से रुक-रुक कर बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में हल्का हिमपात होने से ठंडक बढ़ी है। प्रदेश के कई जिलों में दिन का तापमान सामान्य से 11 से 14 डिग्री तक नीचे चला गया है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार 2 जून तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। इसमें मैदानी इलाकों में बारिश के साथ पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। 31 और 1 जून को मौसम अधिक प्रभावित रहेगा।
स्थानीय मोहम्मद शफी ने कहा कि तपिश झेलने वाले जून माह में भी सर्दियों जैसा मौसम रहने की उम्मीद है। एक अन्य मेहराज अहमद ने कहा कि अभी तक मौसम अनुकूल बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के उपनिदेशक मुख्त्यार अहमद ने बताया कि 2 जून तक कुछ हिस्सों में मौसम खराब होने की सूरत में बारिश, ओलावृष्टि, बिजली गरजने की घटनाएं हो सकती हैं। इस दौरान कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश के साथ तेज हवाएं चलेंगी। पिछले कुछ माह में जलवायु परिवर्तन का असर मौसम पर दिखा है। लेकिन अभी जून में गर्मी पड़ सकती है। हालांकि निरंतर अंतराल के बाद मौसम ठंडा रह रहा है। अगर जून में जम्मू जैसे स्थानों पर तेज गर्मी नहीं पड़ती है तो इसका असर मानसून पर दिख सकता है। अधिक गर्मी के बाद ही अच्छा मानसून रहता है।
विज्ञापन

जम्मू में दिनभर बादल छाए रहने से तपिश से राहत रही। यहां दिन का तापमान सामान्य से 9.1 डिग्री गिरकर 30.0, बनिहाल में सामान्य से 12.2 डिग्री गिरकर 15.4, बटोत में सामान्य से 13.9 डिग्री गिरकर 14.9, कटड़ा में सामान्य से 7.4 डिग्री गिरकर 28.2 और भद्रवाह में सामान्य से 9.7 डिग्री गिरकर 19.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लेह में बीती रात का न्यूनतम तापमान 6.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी श्रीनगर में सोमवार शाम से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला मंगलवार को भी जारी रहा। कश्मीर के अन्य हिस्सों में भी मौसम ऐसा ही बना रहा। श्रीनगर में दिन का तापमान सामान्य से 8.6 डिग्री गिरकर 17.5, पहलगाम में सामान्य से 9.0 डिग्री गिरकर 13.8 और गुलमर्ग में सामान्य से 7.6 डिग्री गिरकर 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बारिश के साथ कश्मीर के गुरेज घाटी और सोनमर्ग के पर्वतीय क्षेत्र में बर्फबारी हुई है। मौसम खराब रहने से मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ी है।
विज्ञापन


मौसम साफ होने पर ही सप्रे और बुआई करे किसान

मौसम विभाग के डिप्टी डायरेक्टर मुख्त्यार अहमद ने बताया कि दो जून तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा। इस दौरान कई इलाकों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश के साथ तेज हवाएं और गरज के साथ बिजली की भी संभावना है। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है। अभी मौसम अनुकूल नहीं है। इसलिए किसानों को सलाह दी जाती है कि वो बाग बगीचों में स्प्रे या फिर बुआई का काम न करें। दो जून के बाद मौसम साफ होने की संभावना है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें