- तीन विकेट जल्द गंवाने के बाद कप्तान शिवांश और कन्हैया ने पारी को संभाला
- ऋषि की शतकीय पारी से गुजरात ने पहली पारी में बनाए 335 रन
- विशाल कुमार और जानिब जावेद ने पांच-पांच विकेट लिए
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। गुजरात ने कर्नल सीके नायडू प्रतियोगिता में जम्मू-कश्मीर के सामने जीत के लिए 339 रनों का विशाल लक्ष्य रखा है। जवाब में जम्मू-कश्मीर ने दूसरे दिन की समाप्ति पर तीन विकेट पर 93 रन बनाए और अभी भी जीत के लिए 247 रनों की दरकार है। इससे पहले गुजरात ने ऋषि पटेल के शतकीय पारी की बदौलत अपनी दूसरी पारी में 335 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। जेएंडके की ओर से विशाल कुमार और जानिब जावेद ने दूसरी पारी में पांच-पांच विकेट साझा किए।
सरदार पटेल स्टेडियम वलसाड में दूसरे दिन गुजरात ने अपनी दूसरी पारी एक विकेट पर 114 रनों से आगे शुरू किया। गुजरात के सलामी बल्लेबाज ऋषि पटेल ने एक छोर संभाले रखा और 177 गेंदों पर 10 चौकों और तीन छक्कों की मदद से 123 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली। ऋषि ने आर्यदेव सिंह वघेला के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 111 रन जोड़े। आर्यदेव सिंह वघेला 34 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, शेन पटेल और वाईडी जाला बीच 10वें विकेट के लिए 90 रनों की दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी हुई। शेन पटेल ने 27 गेंदों में एक चौके व तीन छक्के की मदद से 27 रन बनाए, जबकि वाईडी जाला ने 61 गेंदों पर पांच चौके और दो छक्के की मदद से 51 रनों की नाबाद अर्धशतकीय पारी खेली। अन्य बल्लेबाजों में विकेटकीपर प्रियेश ने 25 रन, आर्या देसाई ने 14 रन, जयमीत पटेल ने 13 रनों का योगदान दिया। जम्मू-कश्मीर के लिए जानिब जावेद ने 25.3 ओवर में 103 रन देकर पांच विकेट लिए। वहीं, विशाल कुमार ने भी 36 ओवर में 103 रन देकर पांच विकेट चटकाए।
जीत के लिए 339 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए जेएंडके की दूसरी पारी की शुरूआत अच्छी नहीं रही और टीम ने 39 रनों के अंदर ही सलामी बल्लेबाजों काजी जुनैद मसूद, यावर हसन और रिद्धम का विकेट गंवाया। रिद्धम ने आउट होने से पहले 23 रनों की पारी खेली, जिसमें तीन चौके जड़े, जबकि यावर हसन और काजी जुनैद मसूद छह-छह रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद कप्तान शिवांश शर्मा और कन्हैया वाधवान ने टीम की बागडोर संभाली और चौथे विकेट के लिए नाबाद 54 रनों की साझेदारी की। कप्तान शिवांश शर्मा 52 गेंदों पर तीन चौके और एक छक्के की मदद से 31 रन बनाकर और कन्हैया वाधवान 61 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 23 रन बनाकर क्रीज पर डंटे हुए हैं। गुजरात के लिए शेन पटेल, वाईडी जाला और एसएम प्रजापति ने एक-एक विकेट लिए।
गौरतलब है कि रविवार को पहले दिन गुजरात ने टॉस जीतकर पहली पारी में 104 रन बनाए थे। जवाब में जेएंडके की पहली पारी 100 रनों पर सिमट गई। इस तरह पहली पारी के आधार पर गुजरात को चार रन की बढ़त हासिल हुई थी।