संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। जम्मू-कश्मीर लोक सेवा आयोग (जेके पीएससी) ने रविवार को सिविल जज के 69 पदों के लिए प्रांरभिक परीक्षा ली। दोनों संभागों के सात परीक्षा केंद्रों में दो चरणों में 6542 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। सुबह 9 से दोपहर 12 बजे के पहले चरण में 3273 और दोपहर 2 से शाम 5 बजे के दूसरे चरण 3269 अभ्यर्थी परीक्षा देने के लिए पहुंचे। वहीं, शहर के राजकीय महिला कॉलेज परेड में 700 में से 618 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। इसके अलावा एमएएम कॉलेज सहित अन्य सेंटरों में सुबह आठ बजे से ही अभ्यर्थी पहुंचने शुरू हो गए। तय समय पर गेट पर तैनात कर्मचारियों ने अभ्यर्थियों के प्रवेश, मूल पहचान पत्र और फोटो देखकर उन्हें अंदर जाने की अनुमति दी। निर्धारित समय पर ओएमआर शीट और प्रश्न पत्र वितरित किए गए। दोपहर 12 बजे परीक्षा संपन्न हुई। दूसरे चरण की परीक्षा शाम करीब पांच बजे संपन्न हुई।
प्रारंभिक परीक्षा संपन्न होने के करीब एक घंटे बाद आंसर की अपलोड कर दी गई। इससे अभ्यर्थियों को लाभ मिलेगा। बिना किसी परेशानी और चिंता के अभ्यर्थी 9 और 10 अक्तूबर को प्रश्नों से संबंधित 500 रुपये जमा करवा कर सबूत के साथ आपत्तियां दर्ज करवा सकते हैं। 11 को शाम 5 बजे के बाद कोई भी आपत्ति दर्ज नहीं होगी
पढ़ने के लिए नहीं मिला ज्यादा समय, पर सफलता की उम्मीद
एमएएम कॉलेज से बाहर आए पुंछ के शाहराज मालिक ने कहा कि वह पेशे से एडवोकेट हैं। पहली बार परीक्षा देने का मौका मिला। पेपर निर्धारित पाठ्यक्रम से ही आया, लेकिन पढ़ने के लिए ज्यादा समय नहीं मिल पाया। हालांकि नेगेटिव मार्किंग नहीं है। सफलता मिलने की उम्मीद है। अभ्यर्थी महनाज मलिक ने कहा कि बीते साल एलएलबी पास की। पहली बार परीक्षा दी। पेपर ज्यादा अच्छा नहीं हुआ। 225 अंक की परीक्षा थी। वहीं, सुनील सिंह ने कहा कि पुस्तकों के साथ सोशल मीडिया से भी पढ़ाई की है। अब मेरिट सूची आने पर पता चलेगा।