सांबा। जिला के पहाड़ी ब्लॉक सुंब के अंतगर्त आने वाले गांव बवेती में जंगली भालू का शावक देखा गया। बड़ा भालू भी होने की आशंका से ग्रामीणों में दहशत बनी रही। लोगों के अनुसार शनिवार शाम उन्होंने गांव के निकट जंगल में एक पेड़ पर भालू का शावक देखा था। स्थानीय निवासी पंकज शर्मा ने बताया कि एक सप्ताह पहले चार लोग किसी जानवर के काटने से घायल हुए थे तब उन्हें लगा था कि किसी कुत्ते ने काटा होगा, लेकिन शनिवार को भालू का शावक दिखने से लोगों में दहशत फैल गई कि कहीं भालू ने ही तो नही काटा। रविवार को भालू नहीं दिखा। उन्होंने वन्यजीव विभाग के अधिकारियों से भालू को पकड़कर दूर जंगल में छोड़ने की मांग की।