स्टेशन महोत्सव कार्यक्रम के तहत जम्मू रेलवे स्टेशन पर काटा केक
जम्मू। जम्मू रेलवे स्टेशन की 50वीं वर्षगांठ मनाने की कड़ी में सोमवार को स्टेशन महोत्सव कार्यक्रम हुआ। इसमें स्कूली बच्चों और कलाकारों ने भाग लिया। इस दौरान केक काटकर उपलब्धियों का जश्न मनाया। 1972 को रेलवे स्टेशन का उद्घाटन हुआ था और एक दिसंबर को दिल्ली से चली पहली यात्री ट्रेन अगले दिन जम्मू पहुंची थी।
सोमवार को स्टेशन महोत्सव के तहत हुए कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने लोक नृत्य पर प्रस्तुतियां दीं। डोगरी नृत्य और गीत से क्षेत्र की लोक संस्कृति को बयां किया। लुधियाना से आए स्काउट एंड गाइड के लोगों ने नुक्कड़ के माध्यम से जम्मू रेलवे स्टेशन की यात्री सुविधाओं को बयां किया। सेवानिवृत्त कर्मचारी उत्साह में मग्न रहे। एसके सुदन डिप्टी एआईएन निर्माण कर्मचारी ने स्टेशन के विकास को सफर को बयां किया। एडीआरएम जम्मू राजीव सिंह ने कहा कि 2022 में जम्मू रेलवे स्टेशन पर यात्री ट्रेन पहुंचे 50 वर्ष पूरे हुए थे। इसी कड़ी में कार्यक्रम हुआ। उन्होंने कहा कि स्टेशन की विकास की यात्रा में हर कर्मचारी का सहयोग रहा। कार्यक्रम में दीवान देवी हायर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किया। वहीं, स्टेशन की स्वच्छता विंग के कर्मचारी संजीव ने कविता पढ़ी। ब्यूरो