अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। चिनाब गैस एजेंसी के करीब 20 हजार कनेक्शन धारकों को राहत मिली है। सैनिक नगर में यूनीक इंडियन गैस एजेंसी ऑनलाइन बुकिंग करने वाले उपभोक्ताओं को सिलिंडरों की होम डिलीवरी की सेवा प्रदान करेगी। इसके लिए तंग गलियों में छोटे वाहनों को काम में लगाया जाएगा ताकि उपभोक्ताओं को 14 किलोमीटर दूरी तय न करनी पड़े।
इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) के मंडलीय एलपीजी इंचार्ज सतीश कुमार का कहना है-यूनीक इंडियन एजेंसी को बुकिंग कराने वाले लोगों को घर पर रसोई गैस मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उपभोक्ताओं को निकट अन्य एजेंसियों से जोड़ा जा रहा है। पंजतीर्थी में 35 साल पुरानी चिनाब गैस एजेंसी को पांच दिन पूर्व निलंबित कर दिया था। जांच के दौरान कई अनियमितताएं मिलने पर कार्रवाई हुई थी। ऐसे में चिनाब एजेंसी में पंजीकृत करीब 20 हजार उपभोक्ताओं को 14 किलोमीटर दूर सैनिक नगर स्थित यूनीक इंडियन गैस एजेंसी में ट्रांसफर कर दिया था। इसे लेकर लोग आईओसीएल कार्यालय बाहु प्लाजा पहुंच रहे थे।