अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। शत प्रतिशत आधार पंजीकरण प्रदेश में सुनिश्चित किया जाए। इससे लोगों को योजनाओं का लाभ मिलेगा। लक्ष्य पूरा करने में तेज गति से काम हो। यह बात मुख्य सचिव डॉ. अरुण कुमार मेहता ने सिविल सचिवालय में विशिष्ट पहचान कार्यान्वयन समिति (यूआईडीआईसी) की बैठक में कही। आयुक्त सचिव आईटी प्रेरणा पुरी ने जम्मू और कश्मीर में आधार स्थिति पर जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि अब तक 121,96,367 आधार नंबर तैयार किए जा चुके हैं, जिसके परिणामस्वरूप यूटी में 90 प्रतिशत से अधिक आबादी आधार से जुड़ चुकी है। विभिन्न आयु समूहों के लिए आधार संतृप्ति का विवरण दिया गया। इसमें 0-5 वर्ष तक 60 से 70 प्रतिशत, 5-18 वर्ष तक 89.2 और 18 वर्ष से अधिक 92.4 प्रतिशत आधार बन चुके हैं। सकारात्मक प्रगति के बावजूद 0-5 वर्ष आयु वर्ग में राष्ट्रीय औसत से पीछे लक्ष्य रहने पर जल्द आधार से जोड़ने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान चुनौतियों का समाधान और आधार पंजीकरण प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए कार्य योजना तैयार करने को कहा। अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (एमबीयू) की आवश्यकता वाले बच्चों की स्कूल और कक्षा वाइज सूची तैयार करनी होगी। डॉ. मेहता ने उप महानिदेशक यूआईडीएआई, क्षेत्रीय कार्यालय चंडीगढ़ से आह्वान किया कि स्कूलों में उपस्थिति बढ़ाने के प्रयास के अलावा स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा सभी स्थानों पर जागरूकता अभियान चलाए जाएं।