मूल रूप से महाराष्ट्र के निवासी एक दुकानदार को रास्ते में रोक कर की थी पिटाई
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। पुलिस ने पैसों के लेन-देन के मुद्दे पर महाराष्ट्र के निवासी चंद्रकांत की पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में आरोपी अमन सिंह निवासी सांबा के खिलाफ अदालत में चालान पेश किया है।
पुलिस के अनुसार 13 मई 2023 को मृतक की पत्नी ने थाना सांबा में लिखित शिकायत दी थी कि 12 मई 2023 को उसके पति चंद्रकांत लक्ष्मण खोपकर को दुकान पर जाते समय अमन सिंह ने गलत तरीके से रोका और पीटा। पीड़ित चंद्रकांत (मूल निवासी सांगली महाराष्ट्र) अपर बाजार सांबा में रह रहा था। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया। आंतरिक चोटों के कारण जीएमसी में उसकी मौत हो गई। पुलिस थाना सांबा में आईपीसी की धारा 341, 323, 302 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी अमन सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार किया और जांच शुरू कर दी गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बेनाम तोश ने मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया। एसआईटी ने आरोपी अमन सिंह के खिलाफ न्यायिक निर्धारण के लिए अदालत में आरोप पत्र दाखिल कर दिया है।