जम्मू। छन्नी में पुलिस ने गांजा तस्करी में एक तस्कर को पकड़ा है। छत्तीसगढ़ के भगवान प्रसाद से डेढ़ किलो गांजा बरामद किया गया। पूछताछ में पता चला कि वह छत्तीसगढ़ से गांजा लेकर जम्मू आता है और इसके बाद अलग-अलग जगहों पर बेचता है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू की है। ब्यूरो
मंदिर में सेंध लगाने समेत दो मामलों में 3 पकड़े
जम्मू। दोमाना पुलिस ने चोरी के दो मामलों को सुलझाने का दावा किया है। तीन चोरों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद किया है। पौनी चक के राहुल पंडिता को चोरी के वाहन के साथ पकड़ा। इसने बाइक नंबर जेके02बीयू 5333 चोरी की थी। वहीं चिन्नौर के शिव मंदिर में सेंध लगाने वाले किश्तवाड़ के समीर हुसैन और जीतू गोंदा निवासी ओडिसा को पकड़ा। मंदिर से चुराई नकदी बरामद हुई है। साथ ही चोरी में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी कब्जे में लिया है। ब्यूरो
गंभीर अवस्था में दो लोग जीएमसी भर्ती
जम्मू। जीएमसी में दो लोगों को गंभीर अवस्था में सोमवार को भर्ती कराया गया। सरवाल की रहने वाली सावित्री देवी ने कोई संदिग्ध पदार्थ निगल लिया। इसके बाद उन्हें जीएमसी भर्ती कराया गया। इसी तरह बाड़ी ब्राह्मणा में एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में मिला, जिसका उपचार चल रहा है। ब्यूरो
मोबाइल की दुकान में सेंधमारी
जम्मू। शहर के नरवाल में चोरों ने एक मोबाइल की दुकान में सेंध लगा दी। चोरों ने दुकान के शटर का ताला तोड़ा और इसके भीतर रखे लाखों रुपये के मोबाइल चोरी कर लिए। दुकानदार राज कुमार ने नरवाल पुलिस चौकी में इसकी शिकायत दर्ज कराई है। बताया कि उसकी दुकान से 45 मोबाइल चोरी किए गए हैं। वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंच जांच के जरूरी सबूत जुटाए। हालांकि अभी तक कोई सुराग हाथ नहीं लगा। पुलिस ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी की मदद से फुटेज भी ली है। इससे आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। ब्यूरो