चैंबर आफ कामर्स के नव निर्वाचित पदाधिकारियों ने रविवार को कामकाज संभाल लिया
जम्मू। चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अरूण गुप्ता व अन्य पदाधिकारियों ने रविवार को चैंबर हाउस में पदभार ग्रहण कर लिया। इनमें वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनिल गुप्ता, जूनियर उपाध्यक्ष राजीव गुप्ता, महासचिव मनीष गुप्ता, सचिव राजेश गुप्ता और कोषाध्यक्ष राजेश गुप्ता शामिल है। अध्यक्ष अरूण गुप्ता ने सभी सदस्यों को आश्वासन दिया कि टीम के पदाधिकारियों की समस्याओं के समाधान के लिए 24 घंटे उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने कहा- चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री व्यापारियों और उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के मध्य पुल की तरह काम करेगा। चैंबर के सभागार का निर्माण कार्य जल्द पूरा हो इसके लिए प्रयास किए जाएंगे।
उद्योग एवं वाणिज्य से जुड़े लोगों के हितों की सुरक्षा के अलावा चैंबर समाज खासतौर पर जम्मू के हितों की सुरक्षा करने के अपने दायित्व का निर्वाह करेगा। उन्होंने चुनाव को पारदर्शिता से करवाने के लिए चुनाव अध्यक्ष शिव प्रताप गुप्ता, मुख्य चुनाव पर्यवेक्षक पृथ्वी राज गुप्ता, चुनाव कमेटी के सदस्य रोमेश चंद्र गुप्ता, वाईवी शर्मा, मनमोहन सिंह, कुलभूषण गुप्ता, विजय गुप्ता, अनिल गुप्ता का धन्यवाद किया। इस अवसर पर पदम भूषण प्रो. विश्वमूर्ति शास्त्री, रिटायर्ड जज सुरेश शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र रैना, कवींद्र गुप्ता, प्रिया सेठी, विक्रम रंधावा, सत शर्मा, नेकां से रतन लाल, कांग्रेस से रमन भल्ला मौजूद रहे। ब्यूरो