रियासी आतंकी हमले पर बैठक करते चैंबर आफ कामर्स के पदाधिकारी: स्रोत चैंबर
जम्मू। रियासी आतंकी हमले की चैंबर आफ कामर्स एंड इंडस्ट्री ने भी कड़ी निंदा की है। प्रधान अरुण गुप्ता की अध्यक्षता में हुई बैठक में हमले के दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।
प्रधान ने कहा कि इससे पहले भी आतंकियों ने राजोरी, कालाकोट और सुरनकोट में सुरक्षाबलों एवं आम नागरिकों को निशाना बनाकर हमला किया। हैरानी की बात है कि हमारे सुरक्षा बलों की कड़ी निगरानी और सतर्कता के बावजूद उपरोक्त घटनाओं में शामिल आतंकवादी अभी भी खुलेआम घूम रहे हैं। मांग की कि आतंकवादियों और उनके भूमिगत कार्यकर्ताओं तथा समर्थकों को समाप्त किया जाए। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से आतंकवाद के खिलाफ आवाज उठाने का अनुरोध किया और विश्व समुदाय से पाकिस्तान पर नजर रखने का आग्रह किया जो जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद का खुलेआम समर्थन और प्रचार करता है। बैठक में अनिल गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजीव गुप्ता, मनीष गुप्ता, राजेश गुप्ता आदि शामिल रहे।