-केंद्रीय विश्वविद्यालय जम्मू से दिसंबर के तक ऐसे आठ गुब्बारे आसमान में छोड़ेगा, अनुसंधान में मिलेगी मदद
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। मौसम की स्टीक जानकारी हासिल करने के उद्देश्य से केंद्रीय विश्वविद्यालय जम्मू ने शनिवार को अपने सतीश धवन सेंटर फार स्पेस साइंस, इसरो सेंटर से तीसरा रेडियो र्सोंडी (मौसमी गुब्बारा) को छोड़ा है। इसकी लाइव ट्रैकिंग भी की जाएगी।
ये मौसमी गुब्बारा न सिर्फ मौसम संबंधित जानकारी का जरूरी डाटा एकत्र करने बल्कि जलवायु परिवर्तन के कारणों का पता लगाने में मददगार साबित होगा। दिसंबर तक कुल आठ गुब्बारे छोड़े जाने हैं। केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजीव जैन के मार्गदर्शन में शनिवार को विवि से इस गुब्बारे को डिवाइस से लैस कर आसमान में छोड़ा गया। अगले कुछ दिनों तक गुब्बारे में लगा ट्रांसमीटर उमस, दबाव, तापमान, हवा की गति और दिशा के वायुमंडलीय प्रोफाइल का अध्ययन रिकॉर्ड करेगा जो जलवायु परिवर्तन और वायुमंडलीय स्थितियों से संबंधित मौसम संबंधी शोध में योगदान देगा।
सतीश धवन अंतरिक्ष विज्ञान केंद्र के संयोजक प्रोफेसर विनय कुमार की मौजूदगी में प्रक्षेपण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उन्हाेंने कहा कि पहले भेजे गए दो गुब्बारों से हमें काफी महत्वपूर्ण डेटा हासिल हुआ है, जो शोध में हमारे काफी उपयोग में आएगा। यह रेडियो र्सोंडी ग्राउंड स्टेशन सेमी कंडक्टर प्रयोगशाला, मोहाली में तैयार हुआ है। इसमें लगे सभी उपकरण भारत में ही तैयार हुए हैं।
केंद्रीय विश्वविद्यालय जम्मू के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार इंजीनियरिंग विभाग के छात्रों द्वारा की गई एक नई पहल के रूप में, ऋत्विक अग्रवाल, क्रितीश नाग्याल और उनकी टीम ने रेडियो र्सोंडी की लाइव ट्रैकिंग को सफलतापूर्वक लांच किया। इस कार्यक्रम का समन्वयन विवि के इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के संकाय डॉ. संजीव यादव ने अपनी टीम के डॉ. प्रवेश पाल, महक महाजन, आयशा, बंधना, कृतिश, तुषार ऋत्विक, पार्थ, श्रेया और इकबाल के साथ किया।