दृष्टिहीन लड़कियों और सेंट्रल जेल पहुंचे न्यायाधीश ताशी रबस्टन
जम्मू। उच्च न्यायालय के न्यायाधीश ताशी रबस्टन ने न्यायायिक आधिकारियों के साथ शुक्रवार को दृष्टिहीन लड़कियों के लिए लुइस ब्रेल मेमोरियल स्कूल रूपनगर जम्मू का दौरा किया। उन्होंने स्कूल के स्टाफ और छात्राओं से बातचीत की। स्कूल प्रभारी ने बताया कि स्कूल 1991 से जम्मू में एक गैर सरकारी संगठन द्वारा चलाया जा रहा था। शुरूआत में यह अंबफला में था। बाद में जम्मू विकास प्राधिकरण की ओर से 2 कनाल भूमि प्रदान करने के बाद इसे वर्तमान स्थान पर स्थानांतरित कर दिया गया था। स्कूल की क्षमता 50 बच्चों की थी, लेकिन वर्तमान में जम्मू प्रांत के जिलों की 23 लड़कियां इसमें रह रही हैं। हाल ही में लड़कियों ने हैदराबाद में आयोजित एक जूडो प्रतियोगिता में जूनियर और सब-जूनियर खिताब जीते हैं।
छात्राओं ने एकल एवं सामूहिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी। स्कूल प्रबंधन ने अनुरोध किया कि स्कूल को बिजली बिल के भुगतान से छूट दी जाए। एसपी सिटी ने स्कूल को फुली ऑटोमेटिक वाशिंग मशीन दान करने का वादा किया। उन्होंने स्कूल के बच्चों के लिए पिकनिक मनाने का भी आश्वासन दिया।
वहीं, ताछी रबस्टन ने सेंट्रल जेल कोट भलवाल जम्मू का दौरा किया। जेल में अपनी सजा काट रहे दोषियों की संख्या के बारे में पूछताछ की। जेल में स्थापित लीगल एड क्लीनिक का भी निरीक्षण किया। कैदियों को प्रदान की जाने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।