पुलिस और दमकल ने पाया आग पर काबू, सामान बचाने में नहीं मिली सफलता
दुकान के मालिक के मुताबिक - दो दशक पुरानी दुकान में था 20 लाख से ऊपर का सामान
संवाद न्यूज एजेंसी
बिश्नाह। बिश्नाह के पंडोरी बंगला क्षेत्र में वीरवार रात को एक ऑटो स्पेयर पार्ट्स की दुकान में आग लगने से लाखों रुपयों का सामान जल गया। मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। हालांकि, दुकान का सामान बचाने में वे सफल नहीं हुए। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
दुकान के मालिक परमानंद पुत्र प्रकाश चंद निवासी पंडोरी ब्राह्मणा ने बताया कि वीरवार शाम करीब छह बजे वह रोजाना की तरह दुकान बंद कर घर चले गए। इसके कुछ देर बाद ही उन्हें फोन पर सूचना मिली कि उनकी दुकान के शटर से बहुत धुआं निकल रहा है। इसके बाद वह दुकान पर पहुंचे। वहां पहले से ही काफी लोग जमा हो चुके थे। परमानंद ने जैसे ही दुकान का शटर उठाया, उससे आग लपटें निकलीं, जिनसे परमानंद जलते-जलते बचे। दुकान में एक हजार किलो से ज्यादा रखे मोबिल ऑयल में आग लगी थी। शटर उठते ही तेल बाहर बहने लगा और मार्ग पर दूर तक आग लग गई। इसी दौरान दमकल कर्मी और पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने आग पर काबू करना शुरू किया। जब तक आग बुझी, दुकान में सबकुछ राख हो चुका था।
परमानंद के अनुसार दुकान में बड़ी संख्या में बाइकों के टायर, बाइकों के स्पेयर पार्ट्स, वाहनों को धुलने की मशीन और दुकान में मौजूद दुपहिया वाहनों से जुड़ी सभी चीजें राख हो गई हैं। उन्होंने बताया कि दुकान में 20 लाख रुपये से ऊपर का सामान था। करीब दो दशक पुरानी दुकान में आग लगने के बाद अब कुछ नहीं बचा।