सिख समुदाय की ओर से एईई गुरमीत सिंह की याद में बुधवार की शाम को कैंडल लाइट मार्च निकाला गया
जम्मू। सिख समुदाय ने बुधवार शाम कैंडल लाइट मार्च निकालकर झेलम नदी में मृत मिले सहायक कार्यकारी अभियंता (एईई) गुरमीत सिंह को श्रद्धांजलि दी। मार्च गुरुद्वारा संतपुरा गुरु नानक नगर से शुरू होकर खालसा चौक तक गया। बड़ी संख्या में समुदाय के साथ अन्य लोगों ने शामिल होकर दिवंगत की सेवाओं को सराहा। सरकार से मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग भी की।
वक्ताओं ने कहा कि दिवंगत गुरमीत सिंह ने बांदीपोरा के बुनियादी ढांचे के परिदृश्य को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का नेतृत्व किया, जिससे क्षेत्र के विकास को गति मिली। उनके जाने से इंजीनियरिंग बिरादरी और समुदाय के लिए एक बड़ी क्षति पहुंची है। उनकी मौत ने कई सवाल खड़े किए हैं, जिनका जवाब मिलना चाहिए। वह ईमानदार और समर्पित अधिकारी थे। इस दौरान कांग्रेस के कार्यवाहक अध्यक्ष रमण भल्ला सहित सिख समुदाय और अन्य लोग मौजूद रहे।