जम्मू। ग्रामीण विकास विभाग निदेशालय ने बुधवार को बैक टू विलेज के तीसरे चरण के अभियान के तहत पंचायतों का दौरा करने वाले अधिकारियों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर करवाया। दो बैच में 403 अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया। ग्रामीण विकास और पंचायतीराज विभाग की सचिव शीतल नंदा ने प्रतिभागी अधिकारियों को बैक टू विलेज के तीसरे चरण की अहमियत बताई। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे कोविड-19 निर्देशावली का पूरी तरह से पालन करें। ग्रामीण विकास विभाग के निदेशक सुदर्शन कुमार ने अधिकारियों को बैक टू विलेज तीन के तहत होने वाले कार्यक्रम की संक्षिप्त जानकारी दी। मंडल प्रचार अधिकारी डॉ. अब्दुल कबीर ने पावर प्वाइंट के माध्यम से दो से 12 अक्तूबर को पंचायतों का दौरा करने वाले अधिकारियों को जरूरी प्रशिक्षण दिया।