लोगों ने की बसें खड़ी करने की मांग, मिनी बसों के जाम से मिलेगा छुटकारा
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। लाखों रुपये खर्च कर बनाया गया कस्बे का मुख्य बस अड्डा तीन साल से वाहनों का इंतजार कर रहा है। स्थानीय लोगों ने जम्मू-कठुआ की ओर चलने वाली यात्री सुपरफास्ट बसों को यहां पर खड़ा करने की मांग की है।
लोगों का कहना है कि अगर संपर्क मार्गों पर चलने वाली मिनी बसों को वहां खड़ा किया जाए तो अवैध रूप से खड़ी रहने वाली मिनी बसों से लगने वाले जाम से छुटकारा मिलेगा। मगर फिलहाल बस अड्डे पर तीन साल से कचरा फैंका जा रहा है, जिसे नगर परिषद ने आज तक नहीं उठाया है। इस कारण बस अड्डे पर वाहन खड़े करने की जगह नहीं है। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से इस समस्या के शीघ्र समाधान की मांग उठाई है।
तीन साल पूर्व हाईवे पर फ्लाईओवर बनाने बाले ठेकेदार को नगर परिषद ने बस अड्डा किराये पर दिया था। फ्लाइओवर बनकर तैयार हो गया, लेकिन वहां से आज तक कचरा ही नहीं उठाया जा सका है।
नीलम सिंह संबयाल, स्थानीय निवासी सांबा
बस अड्डे पर कचरे के डंप होने पर यात्री सुपरफास्ट बसें हाईवे पर ही रुक रही हैं। इससे जाम की स्थिति बनी रहती है। इस कारण कई हादसे भी हो चुके हैं। सुपरफास्ट बसों के कुचलने से दो लोगों की मौत भी हो चुकी है।
अजय सिंह, दुकानदार सांबा
मुख्य बस अड्डा पर वाहनों को खड़ा करने के लिए स्थान की कमी से मिनी बस चालक संपर्क मार्ग पर ही वाहन को खड़ा कर देते हैं। इससे जाम बना रहता है, आने जाने वालों को परेशानी रहती है।
विकेश अंबा, स्थानीय निवासी सांबा
बस अड्डा को जब हाईवे के ठेकेदार को दिया था, किसी पार्षद को नहीं पूछा गया था। यहां पार्किंग तक की सुविधा नहीं है। नगर परिषद आज तक उसे खाली ही नहीं कर सका। इससे यात्री वाहनों के लिए समस्या रहती है।
कुमेर सिंह, पूर्व पार्षद सांबा
बस अड्डे से कचरे कोे उठाने के लिए योजना बनाई है। दो माह के भीतर ही बस अड्डे को साफ कर दिया जाएगा। लाइटें भी लगाई जाएंगी। अभी कुछ विकास कार्य भी चल रहा है। शीघ्र ही बस अड्डा को चालू हालत में बना दिया जाएगा।
जोध राज, सीईओ नगर परिषद सांबा।