फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रामबन बस हादसे के बाद मची अफरा-तफरी: राहत के लिए निकली क्यूआरटी गाड़ी भी पलटी, नौ जवान घायल; एक यात्री की मौत

Sat, 03 Oct 2026 11:09 AM IST
Nikita Gupta अमर उजाला नेटवर्क, रामबन

सार

रामबन के मारूग में पर्यटक बस के पहाड़ी से टकराने से पश्चिम बंगाल की एक महिला पर्यटक की मौत हो गई जबकि 47 लोग घायल हुए। घायलों की मदद के लिए जा रहा क्यूआरटी वाहन भी केला मोड़ के पास पलट गया जिसमें छह पुलिसकर्मी और तीन सीआरपीएफ जवान घायल हुए।
विज्ञापन
रामबन हादसा - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामबन जिले में शनिवार सुबह करीब आधे घंटे के भीतर दो अलग-अलग सड़क हादसे हुए। पहले हादसे में पश्चिम बंगाल की एक महिला पर्यटक की मौत हो गई और 47 लोग घायल हो गए। इसके बाद राहत एवं बचाव कार्य के लिए जा रहा पुलिस और सीआरपीएफ का वाहन केला मोड़ के पास पलट गया जिसमें नौ सुरक्षाकर्मी घायल हुए।

अधिकारियों के अनुसार पहला हादसा सुबह करीब 8:50 बजे मारूग के पास हुआ। श्रीनगर से जम्मू जा रही पर्यटकों से भरी बस के चालक ने नियंत्रण खो दिया जिसके बाद बस पहाड़ी से जा टकराई। बस पर पश्चिम बंगाल का पंजीकरण नंबर था। हादसे में पश्चिम बंगाल निवासी जमुना की मौत हो गई। पर्यटकों का यह समूह कश्मीर की यात्रा के बाद जम्मू लौट रहा था।

हादसे में घायल 47 यात्रियों में से चार सुचित्रा, लक्ष्मणती, केदार पात्रा और फौजी राम को बेहतर उपचार के लिए जीएमसी जम्मू रेफर किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक बाकी घायलों की हालत स्थिर है और उन्हें उपचार के बाद छुट्टी दी जा रही है।

बस हादसे की सूचना मिलने के बाद रामबन जिला पुलिस लाइंस से पुलिस और सीआरपीएफ की क्विक रिएक्शन टीम (क्यूआरटी) को राहत-बचाव कार्य में मदद के लिए रवाना किया गया। केला मोड़ के पास क्यूआरटी वाहन पलट गया। इस हादसे में छह पुलिसकर्मी और तीन सीआरपीएफ जवान घायल हो गए। सभी घायल सुरक्षाकर्मी स्थिर बताए जा रहे हैं।

हादसे की जानकारी मिलने पर उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने दुख जताया और मृतक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने रामबन के उपायुक्त से बात कर गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने को कहा।

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने भी रामबन के उपायुक्त मोहम्मद इलियास खान से बात की। उन्होंने कहा कि घायलों को हर संभव सहायता और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है तथा उनका कार्यालय स्थानीय प्रशासन के लगातार संपर्क में है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें