जम्मू-कश्मीर में हमने पर्यटन उद्योग को पूरी तरह से बदल दिया है। पर्यटन के रूप में प्रदेश को अब सबसे सुरक्षित स्थान माना जाता है। पर्यटन क्षेत्र जल्द ही केंद्र शासित प्रदेश के लिए विकास का इंजन बन जाएगा। यहां 300 से ज्यादा पर्यटन स्थलों को विकसित किया जा रहा है। आने वाले दिनों में यहां पर पर्यटकों को ठहरने की भी सुविधा मिलेगी। यह बात उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने कुपवाड़ा में आयोजित बंगस उत्सव के दौरान रविवार को कही।
उन्होंने जम्मू-कश्मीर की पर्यटन क्षमता पर प्रकाश डालते हुए पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए यूटी प्रशासन के प्रयासों की सराहना की। कहा कि प्रशासन का उद्देश्य बड़ी संख्या में पर्यटकों को आकर्षित करना और यात्रियों, शोधकर्ता एवं कला प्रेमियों को जीवन भर का अनुभव प्रदान करना है। कहा कि विरासत स्थलों, ऑफबीट, साहसिक और आध्यात्मिक स्थलों सहित लगभग 300 नए स्थलों को विकसित किया जा रहा है, ताकि घरेलू और विदेशी पर्यटकों के लिए गतिविधियों, त्योहारों, प्राकृतिक दृश्यों, खरीदारी और होम-स्टे जैसे विकल्प प्रदान किए जा सकें। उप राज्यपाल ने कहा कि भारत की जी20 अध्यक्षता ने देश के प्रत्येक नागरिक को गौरवान्वित किया है। जम्मू-कश्मीर में जी20 शिखर सम्मेलन की सफलता के बाद विदेशी पर्यटकों के आगमन में कई गुना वृद्धि हुई हैं।
इस अवसर पर उप राज्यपाल ने बंगस उत्सव में विभिन्न रैलियों और गतिविधियों को हरी झंडी दिखाई। बंगस उत्सव पर्यटकों के लिए पैराग्लाइडिंग, घुड़सवारी, हॉट एयर बैलून, एटीवी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेल आदि जैसी कई गतिविधियों की पेशकश करता है। मौके पर अध्यक्ष जिला विकास परिषद कुपवाड़ा इरफान सुल्तान पंडितपोरी, जीओसी वज्र डिवीजन मेजर जनरल गिरीश कालिया, संभागीय आयुक्त कश्मीर विजय बिदुड़ी, सचिव पर्यटन विभाग डॉ. सैयद आबिद रशीद शाह, उपायुक्त कुपवाड़ा आयुषी सूदन सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।