काॅल करने के बाद पता नहीं चला कहां गया, तलाश में जुटी पुलिस टीम
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। बिहार के पटना से नाैवीं कक्षा का एक छात्र लापता हो गया है। छात्र के पिता वीरवार को जम्मू के त्रिकुटा नगर पुलिस थाने में पहुंचे। लापता होने के दो दिन बाद उसने जम्मू रेलवे स्टेशन से किसी के मोबाइल से पिता को काॅल की थी। बिरला काॅलोनी फुलवारी शरीफ (बिहार) के अमृत शर्मा ने पुलिस को बताया कि पांच जुलाई को उनका 15 वर्षीय बेटा बॉबी कुमार स्कूल से घर नहीं लौटा। सात जुलाई दोपहर को उसने फोन किया और बताया कि वह जम्मू में है और ट्रेन के जरिए ही जहां पहुंचा। त्रिकुटा नगर थाने के एसएचओ राजेश जसरोटिया का कहना है कि छात्र ने एक थर्ड जेंडर के मोबाइल से काॅल की थी। इसके बाद उसे भी नहीं पता कि वह कहां गया। शिव मार्केट में लगे सीसीटीवी कैमरे में वह दिख रहा है। इसके बाहर उसकी कहीं लोकेशन नजर नहीं आ रही। यह भी बताया कि बिहार पुलिस की टीम भी छात्र की तलाश में पहुंच रही है, क्योंकि लापता होने की शिकायत पटना पुलिस थाने में भी दर्ज कराई गई है।