- नौ दिवसीय चिनार पुस्तक महोत्सव के दूसरे दिन 200 से अधिक पुस्तकों के स्टॉल और साहित्य पर चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। श्रीनगर में नौ दिवसीय चिनार पुस्तक महोत्सव में बड़ी संख्या में पुस्तक प्रेमी जुट रहे हैं। शेर-ए-कश्मीर इंटरनेशनल कनवेंशन सेंटर में आयोजित महोत्सव में रविवार को दूसरे दिन 200 से अधिक पुस्तकों के स्टॉल और साहित्यिक चर्चा की गई।
यह महोत्सव जिला प्रशासन की ओर से राष्ट्रीय पुस्तक न्यास भारत (एनबीटी), राष्ट्रीय उर्दू भाषा प्रसार परिषद (एनसीपीयूएल), भारतीय ऐतिहासिक अनुसंधान परिषद (आईसीएचआर) और भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के सहयोग से करवाया जा रहा है। 60,000 वर्ग फुट में फैले इस महोत्सव में उर्दू, अंग्रेजी, कश्मीरी, हिंदी और अन्य भारतीय भाषाओं में पुस्तकें उपलब्ध हैं। एनबीटी के निदेशक युवराज मलिक ने कहा, चिनार पुस्तक महोत्सव पुस्तकों, साहित्य और संस्कृति का संगम है। इस साहित्यिक आयोजन में पीएम युवा कार्यक्रम के तहत कश्मीर घाटी के युवा लेखकों को प्रशासन द्वारा सम्मानित किया गया। लगभग एक दर्जन द्विभाषी पुस्तकें अंग्रेजी-कश्मीरी और अंग्रेजी-डोगरी प्रारूप में बच्चों के लिए जारी की गईं।
महोत्सव में विभिन्न शैलियों में पुस्तकों का विविध संग्रह पेश करने के अलावा क्षेत्र के इतिहास, संस्कृति और सभ्यता पर एक फोटो प्रदर्शनी व ''चिनार टॉक्स'' में साहित्यिक वार्ता भी आयोजित की जा रही है। इसमें फिल्मों और साहित्य में कश्मीर, कविता व अन्य विषयों पर सत्र शामिल हैं। पाठकों के लिए एक डिजिटल रीडिंग जोन भी है, जहां वे अपने इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस पर पुस्तकें पढ़ सकते हैं। रचनात्मक लेखन, कलिग्राफी, कहानी सुनाने और भावनात्मक बुद्धि पर कार्यशालाएं भी आयोजित की जा रही हैं। महोत्सव का समापन 25 अगस्त को होगा।