जम्मू संभाग के जिला सांबा के प्रथम फेज में स्थापित एक कारखाने में बॉयलर का कंप्रेशर के फटने से चार कर्मी घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज जम्मू रेफर कर दिया गया है। यहां उनका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार कि सिडको के प्रथम फेज के एक कारखाने में बॉयलर का कंप्रेशर फट गया। धमाका इतना जोरदार था कि वहां काम कर रहे लोग सहम गए। हादसे में कारखाने में काम कर रहे चार कर्मी गंभीर रूप से झुलस गए। एक कर्मचारी की बाजू शरीर से अलग हो गई।
चारों घायलों को तुरंत जिला अस्पताल लाया। यहां हालात गंभीर देख डॉक्टरों ने जम्मू में रेफर कर दिया। घायलों की पहचान वरुण शर्मा (32) पुत्र रमेश चंद्र निवासी चड़वाल कठुआ, अभय ठप्पा (24) पुत्र केशव ठप्पा निवासी सांबा, अरुण कुमार (28) पुत्र तिलक राज निवासी जानीपुर जम्मू, बाबू राम (38) पुत्र ज्योति राम निवासी गांव जाडवान सरथल, किश्तवाड़ के रूप में हुई है। वहीं, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।