संवाद न्यूज एजेंसी
पुरमंडल। केंद्र सरकार और प्रदेश शासन की ओर से लोगों को घरद्वार पर सुविधाएं मुहैया करवाने के दावे किए जा रहे हैं वहीं, पुरमंडल के पहाड़ी गांव पाडल में आज भी लोगों को जीने के लिए बहुत संघर्ष करना पड़ रहा है। आठ किलोमीटर पैदल चलने के बाद ही वाहन या सड़क की सुविधा मिल पाती है। पानी के लिए भी कई किलोमीटर का सफर करना पड़ता है। इसलिए क्षेत्रवासियों की सुध लेकर जल्द सुविधाएं मुहैया करवाई जाएं। यह अपील पुरमंडल ब्लॉक के पहाड़ी गांव पाडल में पांच किलोमीटर पैदल सफर कर जनता दरबार लगाने पहुंचे डीसी अभिषेक शर्मा से की है।
जानकारी के अनुसार बुधवार को प्रशासनिक जनसंपर्क कार्यक्रम ब्लॉक दिवस का पाडल में आयोजन किया गया, जिसमें डीसी मुख्य अतिथि थे, जिन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं। वहीं, इससे पहले उन्होंने पुरमंडल के खेल मैदान में क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। ब्लॉक दिवस कार्यक्रम के दौरान लोगों ने बताया कि यहां पीने के पानी की बहुत समस्या है। कई किलोमीटर पैदल चल कर पानी को लाना पड़ता है। कई बार लोग तालाबों का पानी पीने पर मजबूर होते हैं। लोगों ने सड़क की समस्या को भी हल करने की मांग उठाई। बताया कि गांव में सड़क की सुविधा नहीं है। आठ किलोमीटर पैदल चलने के बाद ही सड़क और वाहन की सुविधा मिलती है। बीमार होने या बच्चों को स्कूल पहुंचने में बहुत दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसके साथ ही स्कूल में शिक्षकों और सब सेंटर में कर्मियों की संख्या बढ़ाने की मांग उठाई। डीसी ने आश्वासन दिया कि प्राथमिकता के आधार पर समस्या का निदान करवाया जाएगा। इस मौके पर विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।