सांबा। सरकार की ओर से लोगों को पेश आने वाली परेशानियों का मौके पर समाधान करने के लिए प्रत्येक बुधवार को विभिन्न पंचायतों में ब्लॉक दिवस आयोजित किए जा रहे हैं। इसमें जिला प्रशासन के प्रत्येक विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहते हैं। ऐसे में लोगों की परेशानियों का मौके पर ही समाधान कराया जाता है। जबकि ऐसा नहीं होने पर आम लोग ब्लॉक दिवस से किनारा करने लगे हैं।
बुधवार को जिले की रख अंब टाली पंचायत और रामनगर पंचायत में ब्लॉक दिवस होना था, लेकिन दोनों पंचायतों के जन प्रतिनिधियों ने ब्लॉक दिवस का बहिष्कार कर दिया। रख अंब टाली के सरपंच विनोद फंगला ने कहा कि इससे पहले जितने भी ब्लॉक दिवस हुए हैं, उसमें जो समस्याएं अधिकारियों के समक्ष उठाई हैं उनका समाधान नहीं हुआ है। ऐसे में ब्लॉक दिवस का कोई औचित्य नहीं है। उन्होंने कहा कि उनकी पंचायत ने इसका बहिष्कार कर दिया। कुछ सरकारी विभागों के अधिकारी व कर्मचारी पहुंचे थे। वह वापस चले गए।
रामनगर के सरपंच कृष्ण लाल का कहना था कि पहले तो ब्लॉक दिवस में सरकारी अधिकारी पहुंचते ही नहीं हैं। वहीं जो समस्या उनके सामने रखी जाती है, उसका समाधान नहीं होता है। ऐसे में ब्लॉक दिवस लोगों के साथ धोखा ही है।