राजपुरा कस्बे में बुधवार को जनता दरबार में लोगों ने उठाई समस्याएं
उपायुक्त ने जिला अधिकारियों को दिए समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। राजपुरा कस्बे में बुधवार को जनता दरबार लगाया गया। इस दौरान लोगों ने एक महीने तक बिजली कटौती बंद करने और पीएचसी में डॉक्टरों के खाली पदों को भरने के मुद्दे उठाए। उपायुक्त अभिषेक शर्मा ने जिला अधिकारियों को आम लोगों को पेश आने वाली समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए।
डीडीसी सदस्य आशा रानी ने राजपुरा में प्राइमरी स्वास्थ्य केंद्र खोलने, नडाला से राजपुरा मार्ग बनाने के लिए राजस्व विभाग को भूमि मालिकों को जागरूक करने की मांग उठाई। बीडीसी के पूर्व अध्यक्ष राधा कृष्ण ने केंद्रीय विद्यालय की मांग उठाई, वहीं बीडीओ कार्यालय में बच्चों के लिए बनाई लाइब्रेरी में एसी बंद और वाई-फाई की सुविधा की समस्याओं को उठाया। सनूरा के पूर्व सरपंच दिवेंदर सिंह ने कहा कि एक माह तक बिजली कटौती को बंद कर स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों की कमी को दूर किया जाए। पूर्व सरपंच सुरेश शर्मा ने बिजली की समस्या को उठाया। चक सद्दा के पूर्व सरपंच विनय शर्मा ने ट्यूबवेल, पशु पालन विभाग के डॉक्टर नहीं होने की समस्या को उठाया। इसमें पशु पालन विभाग के जिला अधिकारी राहुल देव ने कहा कि राजपुरा, मावा व सुजाना में डॉक्टरों को दिन सौंपे गए हैं। राजपुरा तहसील में एक एंबुलेंस रखी जाए, क्योंकि सांप के डंसने की घटनाएं अधिक हो रही हैं। सांप के डंसने के उपचार के बारे में भी ध्यान दिया जाए। उपायुक्त ने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे एचएडीपी के बारे में किसानों को जागरूक करें। साथ ही फसल को लगने बाली बीमारी व बचाव के प्रति जागरूक करें। समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों को कहा कि वह रेडक्रॉस से सर्पदंश के उपचार के प्रबंध करें। इस अवसर पर एसडीएम सुनैना सैनी, बीडीओ शिवाली चौधरी, सीएमओ डॉ. विधि भटेयाल, डॉ. रितिका गुप्ता, जलशक्ति विभाग के कार्यकारी अभिंयता हुकम सिंह मौजूद रहे।
जेई और सिंचाई विभाग के एईई को लगाई फटकार
अपनी ड्यूटी के बारे में पता नहीं होने पर उपायुक्त ने जूनियर इंजीनियर और सिंचाई विभाग के एईई को फटकार लगाई। डीडीसी आशा रानी ने जब माइनर नहरों की सफाई न होने की समस्या उठाई तो सिंचाई विभाग के अधिकारी सही से जवाब नहीं दे पाए।
जलशक्ति विभाग ने दूर की पानी की किल्लत
राजपुरा में गत छह माह से आ रही पानी की किल्लत को बुधवार सुबह जलशक्ति विभाग ने दूर कर दिया है। इस पर लोगों ने प्रशासन का आभार व्यक्त किया। साथ ही एक अन्य ट्यूबवेल लगाने की मांग की।
राशन पकाकर देने के दिए निर्देश
उपायुक्त ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से उनके वेतन के बारे में जानकारी ली। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि उनका वेतन बकाया था, गत मार्च माह में ही बकाया वेतन मिला है। बाल विकास विभाग के जिला अधिकारी ने आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों राशन बनाकर देने के निर्देश दिए।