संवाद न्यूज एजेंसी
दोमाना। सरकारी धान के बीज की गुणवत्ता पर सवाल उठने से कृषि विभाग में खलबली मच गई है। हालांकि, कृषि विभाग के अफसर धान बीज की खराब गुणवत्ता का बचाव करने में लगे हैं। मगर कुछ किसानों ने इस मामले में कृषि विभाग को शिकायत भेजी है। कुछ किसानों ने कृषि विभाग से बासमती 370 किस्म के धान के बीज को खरीदने के बाद उसकी गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं। कृषि विभाग के मढ़ केंद्र से बासमती 370 प्रजाति के धान का बीज खरीदने वाले किसान मदन लाल खजूरिया, सरपंच गंगो चक लज्या देवी, ओम प्रकाश का कहना था कि जब वह धान के बीज का बैग लेकर घर गए और उसे खोला तो धान का दाना काला निकल रहा था। खेत में बुवाई के बाद उसके उगने की गुंजाइश बहुत कम है।
गीले बीज को बिना सुखाए और छाने गोदामों में भर दिया : किसान
किसानों का कहना है कि धान के बीज में खरपतवार भी बहुत से निकल रहे हैं। आरोप लगाया कि राजकीय बीज निगम ने खेत से धान लाकर बीज बनाते ठीक से शोधन नहीं किया। गीले बीज को बिना सुखाए और छाने गोदामों में भर दिया, जिससे वह काला पड़ गया। सरपंच लज्या देवी ने बताया कि अभी तक मढ़ सबडिवीजन में कुल 266.16 क्विंटल बीज किसानों ने खरीदा है। बासमती 370 का दाम पिछली बार 38 रुपए प्रति किलो था, जिसे बढ़ाकर इस बार 75 रुपए प्रति किलो कर दिया गया है। वहीं, 6444 बीज का दाम पिछली बार 266 रुपए प्रति किलो था, जिसे इस बार घटाकर 196 रुपए प्रति किलो कर दिया गया है।
खराब बीज से पैदावार भी होगी प्रभावित : संतोष सिंह
किसान मदन लाल खजूरिया ने बताया कि उन्होंने कृषि विभाग से एक बैग बीज लिया, जो खराब निकला। किसान राजेश शर्मा का कहना है कि कृषि विभाग इस बार बासमती के बीज में सब्सिडी नहीं दे रहा है। बीज महंगा मिल रहा है। 12 किलो बासमती 370 के बीज का बैग 900 रुपए में मिल रहा है। किसान संतोष सिंह चिब ने बताया 75 रुपए प्रति किलो के हिसाब से बीज मिल रहा है। एक तो बीज महंगा मिल रहा है। ऊपर से खराब है। इससे धान की फसल कम होगी, जिससे किसानों भारी नुकसान झेलना पड़ेगा। पैदावार प्रभावित होगी।
बैग से 20 प्रतिशत बीज खराब निकला : ओम प्रकाश
किसान ओम प्रकाश ने बताया कि उनके पास पांच किले जमीन है। एक किले जमीन के लिए एक बैग बासमती का बीज खरीदा था। बाकी अन्य जमीन पर 6444 बीज लगाना है, लेकिन बैग में से 20 प्रतिशत बीज खराब निकला।
किसानों को घबराने की जरूरत नहीं है। बीज बिल्कुल ठीक है। बीज को टेस्ट करके ही किसानों को दिया गया है। हां, बारिश के कारण फार्म में बीज थोड़ा लाल हो गया था, लेकिन बीज की जांच की गई। बीज 99 प्रतिशत ठीक है।
केके शर्मा, डायरेक्टर, कृषि विभाग