भाजपा मुख्यालय जम्मू में प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र रैना सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने आगामी लोकसभा चुन
प्रत्येक बूथ और वार्ड को कवर करने पर जोर, प्रदेशाध्यक्ष ने लोस चुनाव की तैयारियों पर की चर्चा
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर सक्रियता बढ़ाते हुए प्रदेश भाजपा की ओर से निर्धारित 8, 9 और 10 फरवरी को गांव चलो कार्यक्रम किया जाएगा। पार्टी कैडर से जोर दिया गया है कि ग्रामीण इलाकों में हर गांव के प्रत्येक बूथ और शहरी इलाकों में प्रत्येक वार्ड को कवर किया जाए। प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र रैना ने सोमवार को त्रिकुटा नगर स्थित पार्टी मुख्यालय में विभिन्न बैठकें कर आगामी लोकसभा चुनावों के लिए तैयारियों पर चर्चा की।
राज्य चुनाव प्रबंधन समिति और जम्मू-राजोरी संसदीय क्षेत्र की एक बैठक में रैना के साथ संसदीय क्लस्टर प्रभारी डॉ. निर्मल सिंह, महासचिव (संगठन) अशोक कौल, कवींद्र गुप्ता, पूर्व सांसद शमशेर सिंह मन्हास, पूर्व मंत्री सत शर्मा, महासचिव डॉ. देवेंद्र कुमार मन्याल और प्रिया सेठी ने संबंधित समितियों के कामकाज से जुड़ी प्रगति पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी। उन्होंने जम्मू-राजोरी संसदीय प्रबंधन समिति की टीम के सदस्यों को भी साझा किया।
इसके अलावा लाभार्थी संपर्क अभियान कार्यशाला में रैना के साथ भाजपा के राष्ट्रीय सचिव डॉ. नरेंद्र सिंह, जम्मू-कश्मीर भाजपा सह-प्रभारी आशीष सूद, अशोक कौल, डॉ. निर्मल सिंह, शाम लाल शर्मा, वक्फ कार्यशाला में बोर्ड अध्यक्ष डॉ. दरख्शां अंद्राबी ने संबोधित करते हुए विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों तक पहुंचने और पार्टी के लिए उनका समर्थन हासिल करने की रणनीति बनाने पर जोर दिया। सूद ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता एक गांव में कम से कम 24 घंटे बिताएं और स्वर्ण लाभार्थियों से सीधा संपर्क करें, इसके लिए ठोस प्रयास किए जाने चाहिए। अशोक कौल ने पार्टी द्वारा गठित प्रत्येक समिति की व्यक्तिगत भूमिकाओं पर जोर देते हुए सभी पार्टी कैडर को 2024 के आम चुनाव के लिए समर्पित रूप से काम करने के लिए कहा। भाजपा आईटी विभाग प्रभारी ईशांत गुप्ता ने लाभार्थी सम्मेलन और इसकी रिपोर्टिंग पर एक प्रस्तुति प्रदर्शित की।