संवाद न्यूज एजेंसी
बिश्नाह। बिश्नाह में चंद्रयान 3 की सफल लैंडिंग के साथ ही स्थानीय लोगों ने कस्बे में ढोल बजाकर खुशी मनाई और एक दूसरे को शुभकामनाएं दीं।
चंद्रयान 3 का चंद्रमा पर उतरने का समय जैसे-जैसे नजदीक आ रहा था, स्थानीय लोगों की उत्सुकता भी बढ़ती जा रही थी। जैसे ही चंद्रयान 3 की चंद्रमा पर सफल लैंडिंग हुई, कस्बे में हर तरफ जश्न का माहौल देखा गया। इस अवसर पर बिश्नाह भाजपा मंडल के कार्यकर्ताओं ने हाथों में तिरंगा लेकर बिश्नाह बाजार में भारत माता की जय के जय घोष लगाए। वहीं मंडल प्रधान सुशील शर्मा ने सभी देशवासियों को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दीं। भाजपा युवा नेता एवं पार्षद साहिल गुप्ता ने भी ढोल बजाकर चंद्रयान तीन की सफलता का जशन मनाया। इस अवसर पर उन्होंने लोगों में मिठाई भी बांटी। पार्षद साहिल गुप्ता ने कहा कि देश की अंतरिक्ष एजेंसी इसरो ने एक बार फिर अपनी काबिलियत और दृढ़ संकल्प को साबित किया है। इसरो ने अपनी कड़ी मेहनत से आकाश की सीमाओं को पार कर चंद्रमा पर देश का तिरंगा फहरा दिया है। भारतीय वैज्ञानिकों ने ब्रह्मांड के बारे में दुनिया की समझ को विस्तार दिया है। उन्होंने इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए इसरो और समस्त देशवासियों को शुभकामनाएं दीं।