संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। जम्मू विकास प्राधिकरण (जेडीए) बीरपुर में मध्यमवर्ग के लिए कॉलोनी विकसित कर रहा है। परियोजना के तहत 50 करोड़ रुपये की मूलभूत सुविधाएं दी जाएंगी। 585 कनाल में 730 प्लॉट काटे जा चुके हैं, जो चार साइज के हैं। इनमें 11.76, 8.8, 6.6 से लेकर 3 मरला शामिल हैं। प्लॉट की कीमत भी अलग-अलग रखी गई है। यह 3 लाख से शुरू होकर 30 लाख तक है। जेडीए की ओर से काम 2015 में शुरू किया गया है और 2025 डेडलाइन रखी गई है। दावा है कि कॉलोनी का काम 75 फीसदी पूरा हो चुका है। हालांकि जल शक्ति विभाग की तरफ से पानी के पाइप डालना और पीडीडी की ओर से बिजली का सब स्टेशन बनाना बाकी है।
जेडीए ने पार्क बना दिया है जिसमें पौधे लगाने जाने हैं। बच्चों के खेलने के लिए बेंच लगा दिए गए हैं। सड़क का निर्माण लटक गया है, क्योंकि सर्द मौसम में लुक-बजरी के प्लांट बंद हो चुके हैं। मार्च के बाद काम पूरा करने की योजना है। अधिकारियों के अनुसार 3500 की आबादी के लिए निर्माणाधीन कॉलोनी हर सुविधा से लेस होगी। अस्पताल, स्कूल, मिनी बस स्टैंड और पुलिस पोस्ट बनाई जाएगी। यही नहीं, कॉमर्शियल साइट भी रखी जाएगी जिसमें दुकानों के साथ-साथ हॉल होंगे। अब तक 11.76 मरले के 192, 8.8 के 15, 6.6 मरले के 287 सहित 3 मरले के 236 प्लॉट लोगों को दिए जा चुके हैं। प्लॉट को अलॉट करने की प्रक्रिया नौ साल पहले शुरू हो गई थी।
आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों के सपने साकार करने के मकसद से परियोजना को धरातल पर उतारा गया है। शहर में कई लोग ऐसे हैं जो किराये के कमरों में रह रहे हैं। प्रतिमाह 8 हजार से लेकर 15 हजार का किराया देने के लिए मजबूर हैं, इसलिए जेडीए की ओर से इस वर्ग के लिए खास योजना बनाई गई है ताकि अपनी छत के नीचे ये लोग जीवनयापन कर सकें। पॉश कॉलोनी में इन्हें मात्र प्रति मरला एक लाख में प्लॉट मिला है। यहां पर स्ट्रीट लाइट और हाई मास्क लाइट भी लगाने का प्रस्ताव है। आला अधिकारियों की मानें तो बोर्ड डायरेक्टर की मीटिंग जल्द होने वाली है। इसमें निर्धारित किया जाएगा कि किस तरह का स्कूल बनाया जाए और किस प्रकार की दुकानें खोलने की अनुमति दी जाए।
75 प्रतिशत काम खत्म हो गया है। कुछ लंबित है जो इस साल के अंत तक खत्म हो जाएगा।
- संजय, एईई, जेडीए
पानी की सुविधा देने का काम चल रहा है, जिसे छ महीने में पूरा कर लिया जाएगा।
-राजेंद्र शर्मा , जेई, जल शक्ति विभाग
लोगों की सुविधा के लिए कॉलोनी काटी है। जल्द बोर्ड ऑफ डायरेक्टर की मीटिंग होगी जिसमें साफ हो जाएगा कि कौन सी चीज कहां बनाई जाए।
-शिव कुमार गुप्ता, वीसी, जेडीए