जम्मू। परिवहन विभाग ने ड्राइवर स्कूलों पर शिकंजा कसने की तैयारी शुरू कर दी है। शहर में कई ऐसे ड्राइविंग स्कूल हैं, जहां प्रशिक्षाणार्थियों को बिना प्रशिक्षण प्रमाणपत्र दिए जा रहे हैं। विभाग ने सभी ड्राइविंग स्कूलों में बायोमेट्रिक उपस्थिति को अनिवार्य कर दिया है। साथ ही हैवी लाइसेंस आवेदकों को ड्राइविंग टेस्ट के समय अटेंडेंस शीट लाना अनिवार्य किया है।
जम्मू शहर में 100 से अधिक ड्राइविंग स्कूल हैं, लेकिन आरटीओ के साथ सिर्फ 30 ही पंजीकृत हैं। इन स्कूलों में लोगों को ड्राइविंग सिखाई जाती है। आरटीओ जम्मू में इन स्कूलों को लेकर शिकायत मिल रही थी कि ये बिना प्रशिक्षण के लोगों को प्रमाणपत्र दे रहे हैं। अब आरटीओ ने जम्मू जिले में पंजीकृत ड्राइविंग स्कूलों को बायोमेट्रिक अटेंडेंस शुरू करने को कहा है। इसमें स्कूल आते और स्कूल से जाते समय प्रशिक्षाणर्थियों को उपस्थिति दर्ज करनी होगी। हैवी लाइसेंस के लिए आवेदन करने वाले के लिए ड्राइविंग स्कूल से प्रमाणपत्र लेना जरूरी होता है।
शहर में 70 से अधिक ड्राइविंग स्कूल बिना मान्यता के
जम्मू शहर 100 से करीब ड्राइविंग स्कूल हैं। आलम ये है कि हर गली में ड्राइविंग स्कूल है, जो ड्राइविंग सिखा रहे हैं। लेकिन जम्मू शहर के सिर्फ 30 ड्राइविंग स्कूल ही आरटीओ से पंजीकृत हैं। 70 के करीब ड्राइविंग स्कूल बिना पंजीकरण के चल रहे है। परिवहन विभाग, आरटीओ ऐसे ड्राइविंग स्कूलों पर कार्रवाई ही नहीं कर पा रहा है।